सांसद श्वेत मलिक को घेरने बटाला पहुंचे किसान
(Ranjandeep Sandhu, Amrik Matharoo):- बटाला क्लब में भाजपा कोर कमेटी की बैठक थी। इसमें शामिल होने आए राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक को घेरने के लिए किसान मीटिग स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए मलिक को बटाला क्लब के पिछले गेट से सुरक्षित निकाल दिया। भारतीय किसान मजदूर यूनियन द्वारा गांधी चौक में केंद्र सरकार के कृषि सुधार कानून के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। किसान गांधी चौक में पुतले फूंक कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके कृषि कानूनों को रद करने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान किसानों को सूचना मिली कि बटाला क्लब में नगर निगम चुनावों के संबंध में बटाला भाजपा की कोर कमेटी की बैठक चल रही । इसमें पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान राज्यसभा मेंबर श्वेत मलिक शामिल हैं। पता चलते ही प्रदर्शन कर रहे किसान बटाला क्लब पहुंच गए। क्लब के मीटिग हाल में बैठक चल रही थी और बाहर कंपाउंड में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात थी। कंपाउंड में किसानों ने दाखिल हो कर नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर डीएसपी सिटी परविदर कौर तुरंत मीटिग कक्ष में पहुंची और भाजपा नेताओं को स्थिति से अवगत करवाया। भाजपा नेताओं ने बैठक बीच में ही रोक दी। पुलिस ने सांसद श्वेत मलिक को अपने घेरे में लेकर बटाला क्लब के पिछले गेट से एसएसपी हाउस के रास्ते उन्हें बाहर सुरक्षित निकाल दिया। इससे श्वेत मलिक वहां से चले गए

