( RANJANDEEP SANDHU, AMRIK MATHAROO):- इंडियन प्रीमियर लीग के तेरहवें सीज़न का 6 मुक़ाबला आज दुबई में किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जा रहा है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर किंग्स इलेवन पंजाब को पहले बल्लेबाज़ी का न्यौता दिया . पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 206 रन बनाए. कप्तान केएल राहुल ने 14 चौके और सात छक्कों की मदद से 69 गेंदों में नाबाद 132 रन बनाए.

पहले विकेट के नुक़सान पर किंग्स इलेवन पंजाब का स्कोर था 57 रन. मयंक अग्रवाल के जाने के बाद कप्तान केएल राहुल का साथ देने के लिए आए निकोलस पूरन.
दोनों ने संभलकर खेलना शुरु किया और टीम का स्कोर 12वें ओवर में 100 रन तक पहुंचाया.
लेकिन 14वें ओवर की पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन, शिवम दुबे का निशाना बनें और एबी डिविलियर्स को अपना कैच दे बैठे.
निकोलस पूरन ने 18 गेंदों में एक चौके की मदद से कुल 17 रन बनाए. दूसरे विकेट के नुक़सान पर किंग्स इलेवन पंजाब का स्कोर था 114 रन.
इसके बाद केएल राहुल का साथ देने के लिए ग्लेन मैक्सवेल पिच पर आए. लेकिन छह गेंद पर पाँच रन बनाकर पवैलियन लौट गए. शिवम दुबे की गेंद पर एरोन फिंच ने उनका कैच लपका.
तीन विकेट के नुक़सान पर किंग्स इलेवन पंजाब का स्कोर था 128 रन.
केएल राहुल 72 रन बनाकर पिच पर टिके हुए थे. अब साथ देने की बारी थी करुण नायर की.
करुण नायर के बल्ले से छिटपुट निकलते रनों के बीच कप्तान केएल राहुल ने 63 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और टीम का स्कोर 20 ओवर में 206 तक पहुंचाया.
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए स्टेन सबसे महंगे गेंदबाज़ साबित हुए. उन्होंने 4 ओवर में 57 रन दिए.

