नई दिल्ली। देशभर के आईटीआई, प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र, जन शिक्षण संस्थान और राष्ट्रीय कौशल विकास केंद्र 21 सितंबर से खुलेंगे। केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय ने मंगलवार को सभी राज्यों के प्रधान सचिवों को इस संबंध में विशेष दिशा-निर्देश भेज दिए हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक सभी 15000 आई टीआई में 21 सितंबर से नवंबर तक कोर्स प्रैक्टिकल पूरा करवाया जाएगा। इसके बाद कोरोना हालात ठीक होने पर नवंबर के पहले और दूसरे सप्ताह तक वार्षिक परीक्षा होगी। आईटीआई में 27 लाख विद्यार्थी हैं, इसलिए कोरोना से बचाव में सामाजिक दूरी के नियमों के तहत अब शिफ्टों में चलने वाले क्लासरूम और लैब में 30 की बजाय दस विद्यार्थी ही बैठेंगे। सरकार ने राज्यों के माध्यम से सभी 15000 आईटीआई को हिदायत दी है।
दिसंबर में पहले वर्ष की परीक्षा आईटीआई के छात्रों का 80 फीसदी थ्योरी पाठ्यक्रम ऑनलाइन पूरा हो गया है। हालांकि प्रैक्टिकल नहीं हुए हैं। इसलिए पहले दूसरे वर्ष के छात्रों की क्लास और परीक्षा होगी। उसके बाद पहले वर्ष के छात्रों की परीक्षा दिसंबर में आयोजित की जाएगी। आईटीआई बेसिक 21 से खुल रहे हैं, लेकिन राज्यों को दो हफ्ते तक पूरी व्यवस्था जांचनी और निगरानी करनी होगी। यदि सब ठीक रहा तो फिर आगे वे सभी कोर्स के छात्रों को बुलाने की योजना बना सकते हैं। इन केंद्रों को गृह व स्वास्थ्य मंत्रालय की एसओपी का पालन करना होगा।

