भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार दो महिला अफसर सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को वॉर शिप पर तैनात किया

(अमरीक मठारू,रंजनदीप संधू):- भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार दो महिला अफसर सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को वॉर शिप पर तैनात किया जाएगा। इन दोनों को हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर (एयरबोर्न टैक्टिशियंस) के पद में शामिल होने के लिए चुना गया है।
उधर, अंबाला में भारतीय वायुसेना के राफेल स्क्वॉड्रन को पहली महिला फाइटर पायलट जल्द मिल जाएगी। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वायुसेना की 10 महिला फाइटर पायलट प्रशिक्षण से गुजर रही हैं। इनमें से एक 17 स्क्वाड्रन के साथ राफेल जेट उड़ाएगी।
10 सितंबर को 5 राफेल जेट को भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीदे हैं। इनमें पांच भारत आ चुके हैं। बाकी 2021 के आखिर तक भारतीय वायु सेना के हिस्सा होंगे।
नौसेना के हेलीकॉप्टर स्ट्रीम में पहली बार शामिल हुईं ये दो महिला अधिकारी
सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह अफसर नौसेना के उन 17 अफसरों के ग्रुप का हिस्सा हैं, इनमें चार महिला अफसर शामिल हैं और तीन इंडियन कोस्ट गार्ड के अफसर शामिल हैं। इन्हें शॉर्ट सर्विस कमीशन बैच के अफसर के तौर पर आईएनएस गरुड़ कोच्चि में सोमवार को आयोजित एक समारोह में “ऑब्जर्वर” के रूप में स्नातक होने पर “विंग्स” से सम्मानित किया गया।

                                     सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह 

 प्रोग्राम में रियर एडमिरल एंटनी जॉर्ज ने कहा था कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है। इनमें पहली बार महिलाओं को हेलिकॉप्टर ऑपरेशन की ट्रेनिंग दी जा रही है। 91 वें रेगुलर कोर्स और 22 वें एसएससी ऑब्जर्वर कोर्स के अफसरों को एयर नेविगेशन, फ्लाइंग प्रोसिजर, एयर वारफेयर में दांवपेंच, एंटी-सबमरीन वारफेयर का प्रशिक्षण दिया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *